हमीरपुर 25 अगस्त। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने युवाओं से अपील की है कि वे चिट्टा एवं अन्य सभी नशीले पदार्थों से दूर रहें और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा आरंभ किए गए चिट्टा मुक्त अभियान में सक्रिय योगदान दें। मंगलवार को यहां अणु स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में चिट्टा मुक्त अभियान के तहत आयोजित एक कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि नशे के जाल को रोकने के लिए प्रदेश सरकार ने पुलिस और नशा निवारण बोर्ड के माध्यम से व्यापक अभियान चलाया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी युवाओं को आगे आना चाहिए।
नरेश ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ बहुत ही सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों की पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं।
नरेश ठाकुर ने कहा कि किन्हीं कारणों से नशे के जाल में फंस चुके लोगों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए राज्य नशा निवारण बोर्ड प्रदेश में संचालित किए जा रहे नशा उपचार एवं पुनर्वास केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण कर रहा है तथा इनमें किए गए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा कर रहा है, ताकि ऐसे लोगों को नशे के दलदल से बाहर निकालकर समाज की मुख्य धारा में शामिल किया जा सके।
उन्होंने युवाओं से खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ये गतिविधियां युवाओं को नशे एवं अन्य बुराइयों से दूर रखती हैं। इसीलिए, मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए अलग से 11.56 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
इस अवसर पर नरेश ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई तथा क्रिकेट प्रतियोगिता और अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सतीश सोनी, अन्य शिक्षक, विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागी खिलाड़ी और अन्य विद्यार्थी भी उपस्थित थे।