नीलोखेड़ी, 27.08.26- : ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा और क्षमता को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिलाओं द्वारा शुरू किए गए छोटे-छोटे उद्यम न केवल उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि परिवार की आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह टिप्पणी हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने की। वे संस्थान में उद्यमिता विकास विषय पर आयोजित सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिला संसाधन व्यक्तियों एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लिया।
डॉ. चौहान ने कहा कि सात दिनों के प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्रों तक लेकर जाएं और अन्य महिलाओं को भी उद्यमिता के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर संस्थान के सहायक आचार्य संदीप कुमार, सहायक आचार्य कमलदीप सांगवान, प्रशिक्षण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।