चंडीगढ़:20.09.26- ट्राइसिटी सीनियर सिटीजंस सेवा ट्रस्ट का उद्घाटन समारोह राजस्थान भवन, सेक्टर-33 में आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चंडीगढ़ सीनियर सिटीजंस एसोसिएशन (सीएससीए) के अध्यक्ष एस.सी. अग्रवाल को समाजसेवा के क्षेत्र में उनके समर्पण, सक्रिय योगदान और वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। मेयर सौरभ जोशी ने उन्हें सम्मानित करते हुए समाज के प्रति उनकी सेवाओं की सराहना की।
ट्राइसिटी सीनियर सिटीजंस सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष भूपिंदर कुमार ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव एवं ज्ञान का लाभ नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने ट्रस्ट के गठन का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि यह संस्था चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में वरिष्ठ नागरिकों के हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।