चंबा, (चुवाडी) अक्तूबर 9-विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क सुविधा के विस्तार की दिशा में जारी अपने प्रयासों की निरंतरता में क्षेत्र वासियों को सौगात देते हुए आज ग्राम पंचायत धुलारा और ग्राम पंचायत मनहूता में दो संपर्क सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया।
इन सड़क परियोजनाओं के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि को प्रशासनिक अनुमति प्रदान की गई है।
उन्होंने ग्राम पंचायत धुलारा में 78 लाख की राशि वाली माता मनसा देवी मंदिर संपर्क सड़क तथा ग्राम पंचायत मनहूता में 88 लाख रुपये की राशि से निर्मित होने वाली सियूण खड्ड संपर्क सड़क की आधारशिला रखी।
कुलदीप सिंह पठानिया ने इस अवसर पर डुंगरेड में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना तथा सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करना विकास की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से सड़कों का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और बारहमासी (ऑल वेदर) आवागमन की सुविधा मिल सके।
कुलदीप सिंह पठानिया ने भटियात विधानसभा क्षेत्र की विकासात्मक योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है ।
विधानसभा अध्यक्ष ने साथ में यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान भटियात विधानसभा क्षेत्र में लगभग 156 किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण तथा उन्नयन कार्य किया गया है। सड़क नेटवर्क के विस्तार से अब ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। सड़क घनत्व की दृष्टि से भी भटियात विधानसभा क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हुआ है।
कुलदीप सिंह पठानिया ने सियूण ग्राम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गोधरा-सियूण संपर्क सड़क को पक्का करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सियूण खड्ड संपर्क सड़क को रायपुर संपर्क सड़क तक विस्तार दिया जाएगा ।
उन्होंने ग्राम पंचायत और महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद्र, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर, उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र चाढक, सदस्य जिला परिषद कुसुम लता, प्रधान ग्राम पंचायत धुलारा महेंद्र सिंह राणा, मनहूता चमन सिंह, उपमंडल दंडाधिकारी मनीष सोनी, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, पुलिस उपाधीक्षक मयंक शर्मा, वन मंडल अधिकारी डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा, अधिशासी अभियंता पंकज राठौर नरेंद्र चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ये भी कहा,,,,,,, ,
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-IV के तहत 103 करोड़ रुपये की 13 विभिन्न सड़क परियोजनाओं की डीपीआर स्वीकृति के लिए प्रेषित की जा चुकी हैं। उन्होंने जून 2027 तक क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि 109 करोड़ रुपये की राशि वाली 12 सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य जारी है।