शाहपुर, 7 नवंबर:आज धन्वंतरि आईटीआई रैत में भगवान विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया तथा उपमंडलाधिकारी शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की।
इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा कार्यक्रम में भाग लिया तथा सभी को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, तकनीकी कौशल एवं शिल्पकला के प्रतीक हैं। उनका जीवन मेहनत, हुनर और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि आईटीआई एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान समय में तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए बेहद आवश्यक हैं।
इस अवसर पर धन्वंतरि इंस्टीट्यूट के एमडी कैप्टन निर्मल भंड्राल सहित संस्थान का समस्त स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।