धर्मशाला: 17.11.26-आज पूर्वाह्न 10:30 बजे सत्र की कार्यवाही आरम्भ होने से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष के कार्यालय कक्ष में कार्य सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने की। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हि0 प्र0 सरकार हर्ष वर्धन चौहान, उप-मुख्य सचेतक हि0प्र0 सरकार केवल सिंह पठानियां तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुख राम चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में सत्र के दौरान सदन के अन्दर चलने वाली कार्यवाही तथा चर्चा में लाए जाने वाले विषयों को अन्तिम रूप दिया गया जिस पर सभी समिति सदस्यों ने अपनी सहमति जताई।
विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि पिछले मानसून सत्र में दिनांक 27 अगस्त, 2026 को सदस्य कुलदीप सिंह राठौर द्वारा सदन में प्रस्तुत किए गए संकल्प “ यह सदन सरकार से सिफारिश करता है कि बच्चों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग को नियंत्रित एवं सुरक्षित करने की नीति बनाने पर विचार करे” पर इस सत्र में चर्चा जारी रहेगी
जबकि 19 नवम्बर, 2026 को प्रस्तावित गैर सरकारी सदस्य दिवस के दिन सदस्य जीत राम कटवाल तथा डॉ0 जनक राज द्वारा लाए गए संकल्पों पर सदन में चर्चा करने हेतु लाया जाएगा। पठानियां ने कहा कि सदस्य जीत राम कटचाल के संकल्प “यह सदन सरकार से सिफारिश करता है कि प्रदेश में अवैध खनन रोकने तथा दुष्प्रभावों के निस्तारण करने बारे एक कारगर नीति बनाने पर विचार करे” तथा सदस्य डॉ0 जनक राज के संकल्प “युवाओं को रोजगार, भर्ती में पारदर्शिता, स्वरोजगार और प्रदेश में ही सम्मानजनक आजीविका देने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग करे” पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
पठानियां ने कहा कि अभी तक विधान सभा को 5 विधेयकों क्रमश:
1. हिमाचल प्रदेश (सड़क द्वारा कतिपय माल के वहन पर) कराधान संशोधन विधेयक 2026 ।
2. हिमाचल प्रदेश सरकारी सेवाएं (अर्हक अनुभव एवं प्रोन्नति विनियमन) विधेयक 2026 ।
3. हिमाचल प्रदेश विनिधान, संवर्धन और सरलीकरण विधेयक 2026 ।
4. हिमाचल प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड (संशोधन) विधेयक 2026 ।
5. हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (तृतीय संशोधन) विधेयक 2026 ।
की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिन्हें सदन में पूर:स्थापित किया जाएगा तथा चर्चा उपरान्त पारित किया जाएगा।