शिमला:23.02.25-हिमाचल प्रदेश विधान सभा की स्थानीय निधि लेखा समिति आजकल 7 राज्यों क्रमश: बिहार, पश्चिम बंगाल,मेघालय, आसाम, उड़ीसा, कर्नाटक तथा आन्ध्र प्रदेश राज्यों के अध्ययन प्रवास पर है। समिति माननीय सभापति संजय रत्न की अध्यक्षता में 20 फरवरी को शिमला से रवाना हुई तथा 1 मार्च तक इन राज्यों के अध्ययन प्रवास पर रहेगी। समिति इस दौरान कई रमणीय स्थलों का दौरा भी करेगी। समिति में माननीय सदस्य कुलदीप सिंह राठौर, प्रकाश राणा, विवेक शर्मा, लोकेन्द्र कुमार तथा सुदर्शन सिंह शामिल हैं। समिति के साथ उप- सचिव विधान सभा राकेश ठाकुर भी समिति के कार्य की देख –रेख एवं सहायता हेतु साथ गए हैं।
समिति पिछले कल बिहार विधान सभा पहुँची तथा बिहार विधान सभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव के साथ उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने समिति सदस्यों को गुलदस्ता व शॉल भेंट कर अतिथ्य सत्कार किया। बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर पिछले महीने बिहार विधान सभा में आयोजित पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के सफल आयोजन पर चर्चा की जिसमें हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने भी भाग लिया था। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष द्वारा दिए गए सम्बोधन की सराहना की तथा पीठासीन अधिकारी सम्मेलन में उनके योगदान की प्रशंसा की।
बैठक दौरान बिहार विधान सभा अध्यक्ष ने बिहार विधान सभा की कार्यप्रणाली, कार्य संचालन तथा एक कैलेण्डर वर्ष में आयोजित होने वाले विधान सभा सत्रों की जानकारी सांझा की। नन्द किशोर यादव माननीय सदस्यों को बिहार विधान सभा सदन भी ले गए तथा इसकी परम्पराओं, वरिष्ठता तथा गरिमा के बारे भी अवगत करवाया।
इस अवसर पर स्थानीय निधि लेखा समिति के सभापति संजय रत्न तथा समिति सदस्यों द्वारा बिहार विधान सभा अध्यक्ष को हिमाचल प्रदेश विधान सभा की कार्यप्रणाली, क्रियाक्लापों तथा अब हिमाचल प्रदेश ई- विधान प्रणाली से राष्ट्रीय ई- विधान प्रणाली की ओर अग्रसर होने बारे अवगत करवाया। समिति सभापति संजय रत्न ने बिहार विधान सभा अध्यक्ष के साथ संवाद के दौरान कहा कि हि0प्र0 विधान सभा में पिछले सत्र से शून्य काल भी आरम्भ किया गया है जिससे माननीय सदस्यों को जनहित में जरूरी सूचनाओं की जानकारी हासिल करने में सहायता मिलेगी। संजय रत्न ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधान सभा के पास शिमला व तपोवन (धर्मशाला) में दो विधान सभा भवन हैं जहाँ पर विधान सभा सत्रों का आयोजन किया जाता है। संजय रत्न ने कहा कि बजट सत्र तथा मानसून सत्र शिमला विधान सभा भवन तथा शीतकालीन सत्र तपोवन (धर्मशाला) विधान सभा भवन में आयोजित किया जाता है। समिति अपने दौरे को आगे बढ़ाते हुए आज पश्चिम बंगाल राज्य पहुँच गई है।
(हरदयाल भारद्वाज)
संयुक्त निदेशक एवं मुख्य प्रवक्ता,
हि0प्र0 विधान सभा।