मंडी के छोटा पड्डल में 7 व 28 अप्रैल को होंगे ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट

मंडी, 01 अप्रैल। वाहन पंजीयन एवं अनुज्ञापन अधिकारी-सह-उप-मंडलाधिकारी (ना॰) सदर रूपिंदर कौर ने आज यहां बताया कि आगामी 7 व 28 अप्रैल को मंडी के बैडमिंटन कोर्ट के सामने की सड़क पर (छोटा पड्डल) ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट लिए जाएंगे। ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के लिए प्रतिभागी को अपने फार्म फोटो सहित भरकर फाइल के साथ लाने होंगे। बिना फोटो, फाइल व अधूरे भरे हुए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 7 अप्रैल को होने वाले ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के लिए पहली अप्रैल से व 28 अप्रैल को होने वाले ड्राइविंग टेस्ट के लिए 22 अप्रैल को प्रातः 11ः30 बजे से Parivahan.gov.in के माध्यम से स्लाॅट बुक किए जा सकते हैं।

=================

असीम योजना के तहत दिव्यांग जनों से विवाह करने पर प्रोत्साहन राशि में संशोधन
बिलासपुर 01 अप्रैल: जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा असीम (ए स्कीम फॉर एनेब्लिंग, एम्पॉवरिंग एंड मेन स्ट्रीमिंग ऑफ दि स्पेशली एबल्ड) योजना के अंतर्गत दिव्यांगजन से विवाह करने पर प्रदान की जाने वाली प्रोत्साहन राशि में संशोधन किया गया है।
उन्होंने बताया कि संशोधित प्रावधानों के अनुसार 40 प्रतिशत से 70 प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्ति से विवाह करने पर 25 हजार रुपये तथा 71 प्रतिशत से 100 प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्ति से विवाह करने पर 2 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण, सम्मान एवं मुख्यधारा में उनकी सहभागिता को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत इच्छुक एवं पात्र लाभार्थी निर्धारित आवेदन प्रक्रिया के अनुसार संबंधित कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय या संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

============================================

अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती के लिए अब 10 अप्रैल तक करें ऑनलाइन आवेदन
बिलासपुर, 01 अप्रैल:
भारतीय थल सेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्नि वीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि को अब बढाकर 10 अप्रैल कर दिया गया है। इस बारे जानकारी देते हुए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक ने बताया कि थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए अब ऑनलाइन पंजीकरण 10 अप्रैल तक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट - WWW.joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं।

================================

थल सेना अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अब 10 तक


हमीरपुर 01 अप्रैल। थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी गई है। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अग्निवीर जीडी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं-10वीं) और अग्निवीर महिला मिलिटरी पुलिस की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि पहली अप्रैल निर्धारित की गई थी, जिसे अब 10 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और इसमें उत्तीर्ण होने वाले युवाओं के ग्राउंड टेस्ट के लिए भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट - ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए तथा ये आधार नंबर नंबर से लिंक होने चाहिए।
============================================
एससी युवाओं को एआई और ऑफिस ऑटोमेशन कोर्स करने का सुनहरा मौका
10 अप्रैल तक जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं पात्र युवा
तीन-तीन महीने के इन दोनों कोर्सों के दौरान हर महीने 2000 रुपये वजीफा भी मिलेगा

हमीरपुर 01 अप्रैल। अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और दिव्यांग सशक्तिकरण निदेशालय शिमला, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत शिमला स्थित नाइलिट (एनआईईएलआईटी) के सहयोग से अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों के लिए कौशल विकास कोर्सों का संचालन कर रहा है। इसी योजना के तहत नादौन के निकट टिल्लू में स्थित माइक्रो इन्फोटेक एजूकेशन सोसाइटी में इसी महीने से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी और ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग में तीन-तीन महीने के दो अलग-अलग कोर्स आरंभ किए जा रहे हैं। इन कोर्सों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी गई है। सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित ये आवेदन जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में किए जा सकते हैं।
जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने बताया कि अल्प अवधि के इन कोर्सों के प्रशिक्षणार्थियों को हर महीने दो हजार रुपये वजीफा भी दिया जाएगा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टेक्नोलॉजी के कोर्स के लिए आवेदक स्नातक होना चाहिए और इसमें प्रतिदिन केवल दो घंटे की क्लास होगी। ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग एवं पब्लिशिंग के लिए आवेदक बारहवीं पास होना चाहिए और इसमें प्रतिदिन केवल चार घंटे की क्लास होगी।
आवेदक हिमाचल का स्थायी निवासी तथा अनुसूचित जाति श्रेणी से संबंधित होना चाहिए। उसकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच हो। उम्मीदवारों का चयन स्नातक और बारहवीं कक्षा के अंकों के आधार पर होगा। बीपीएल उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। 30 प्रतिशत सीटें महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित होंगी, लेकिन पर्याप्त महिला उम्मीदवार उपलब्ध न होने की स्थिति में ये सीटें पुरुष उम्मीदवारों को आवंटित की जा सकती हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222379 पर संपर्क किया जा सकता है।

================================================

इवान सिक्यूरिटी फंक्शनस प्राइवेट लिमिटेड शिमला द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड और सिक्यूरिटी सुपरवाइजर के भरे जाएंगे 80 पद
धर्मशाला, 1 अप्रैल: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि इवान सिक्यूरिटी फंक्शनस प्राइवेट लिमिटेड शिमला द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड और सिक्यूरिटी सुपरवाइजर (पुरूष एवं महिला) के 80 पद क्षेत्रीय रोज़गार अधिकारी धर्मशाला, जिला कांगड़ा को अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम दसवीं, बारहवीं, ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन व एमबीए रखी गई है। इन पदो हेतु आयु 20 से 36 वर्ष रखी गई है। चयनित उमीदवार को कम्पनी द्वारा रूपए 13 हज़ार 500 से 25 हज़ार प्रति माह वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र (यदि हो) साथ लेकर 6 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, पालमपुर, 7 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, काँगड़ा तथा 8 अप्रैल को ज़िला रोज़गार कार्यालय, ज्वालामुखी स्थान पर सुबह 11 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।

======================================================
हैवेल्स इंडिया लिमिटेड नाॅएडा द्वारा अपरेंटिस के भरे जाएंगे 250 पद
धर्मशाला, 1 अप्रैल: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि हैवेल्स इंडिया लिमिटेड नाॅएडा द्वारा अपरेंटिस (पुरूष एवं महिला) के 250 पद क्षेत्रीय रोज़गार अधिकारी धर्मशाला, जिला कांगड़ा को अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिस्ट, इलेक्ट्राॅनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल) और डिप्लोमा रखी गई है। इन पदो हेतु आयु 18 से 25 वर्ष रखी गई है। चयनित उमीदवार को कम्पनी द्वारा रूपए 13 हज़ार 500 से 15 हज़ार प्रति माह वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र (यदि हो) साथ लेकर 6 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, देहरा, 7 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, पालमपुर, 8 अप्रैल को ज़िला रोज़गार कार्यालय, नगरोटा बगवां, 9 अप्रैल को क्षेत्रीय रोज़गार कार्यालय, धर्मशाला तथा 10 अप्रैल को उप रोज़गार कार्यालय, नूरपुर स्थान पर सुबह 10 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।

=====================================

एआई कोर्स के लिए दस अप्रैल तक मांगे आवेदन
धर्मशाला, 01 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हि॰ प्र॰ के निदेशालय अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं विशेष रूप से सक्षम वर्गों का सशक्तिकरण की ओर से अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत जिला कांगड़ा में अनुसूचित जाति श्रेणी के पात्र उम्मीद्वारों से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए दस अप्रैल तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए जा रहे हैं। इसमें कृत्रिम बुद्धिमता प्रोद्योगिकी की अवधारणाएं कोर्स में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से किसी भी विशय में स्नातक निर्धारित की गई है इसके साथ ही ऑफिस ऑटोमेशन, अकांउटिंग और पब्लिशिंग सहायक जिसकी अवधि 3 माह तथा योग्यता किसी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थान से किसी भी विषय में बाहरवीं रखी गई है।

आवेदन के लिए आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग, हिमाचल प्रदेश का स्थाई निवासी, आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होना अनिवार्य है। आवेदक का चयन स्नातक और बाहरवीं के अंकों की मेरिट के आधार पर होगा। गरीबी रेखा से नीचे सम्बन्धित उम्मीद्वारों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा 30 प्रतिशत सीटें महिला प्रार्थी के लिए आरक्षित होंगी।

प्रषिक्षुकों को 2000 रूपये प्रति माह दिया जाएगा तथा प्रषिक्षण केंद्र हिप्पा-नीलिट कम्प्यूटर लैब, डीसी ऑफिस कॉम्लेक्स, कांगड़ा स्थित धर्मषाला निर्धारित किया है।
आवेदन पत्र जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा स्थित धर्मशाला या सम्बन्धित तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में वांछित दस्तावेजों सहित जमा कराने होंगें।

===========================================

दाड़ी धुम्मू शाह मेला में 12 तथा 13 अप्रैल को होंगी सांस्कृतिक संध्याएं
धर्मशाला, 01 अप्रैल। दाड़ी में आठ अप्रैल से 15 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे धुम्मु शाह मेला में 12 तथा 13 अप्रैल को सांस्कृतिक संध्याएं भी आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी धुम्मु शाह मेला की सांस्कृतिक कमेटी के अध्यक्ष भानु प्रताप ने देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के इच्छुक कलाकार जिला भाषा अधिकारी कार्यालय में 08 अप्रैल तक आवेदन करें। उन्होंने यह भी कहा कि धुम्मू शाह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है और इसे भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों तथा लोक कलाकारों को ही इस मेले में प्राथमिकता दी जाएगी ताकि लोक संस्कृति का संवर्धन किया जा सके।

============================================= कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए 10 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन - आवास पंडित

ऊना, 1 अप्रैल- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान शिमला के सहयोग से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला कल्याण अधिकारी, आवास पंडित ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान की ओर से दो पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमता प्रौद्योगिकी की अवधारणाएं तथा ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग और पब्लिशिंग असिस्टेंट पाठ्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदक का अनुसूचित जाति वर्ग से सम्बंधित होना और हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। प्रशिक्षण के लिए आवेदन पत्र 10 अप्रैल तक जिला कल्याण अधिकारी, ऊना के कार्यालय में सादे कागज पर आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा करवा सकते हैं।
=====================================================

सोलन- दिनांक 01.04.2026

03 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 03 अप्रैल, 2026 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी।
राहुल वर्मा ने कहा कि 03 अप्रैल, 2026 को प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 01.00 बजे तक जराश, सूर्य किरण, बेर की सेर एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने कहा कि खराब मौसम व किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उक्त समय व तिथि में परिवर्तन किया जा सकता है।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

====================================

सोलन-दिनांक 01.04.2026

विशेष अभियान आयोजित

ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा गत दिवस सड़क पर रहने वाले बच्चों व भिख मांगने वाले बच्चों का रेस्क्यू करने के लिए विशेष अभियान आयोजित किया गया। यह जानकारी ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अकांक्षा डोगरा ने दी।
अकांक्षा डोगरा ने कहा कि यह अभियान मशरूम चौक, चिल्ड्रन पार्क, पुराना बस अड्डा, शूलिनी माता मंदिर तथा चौक बाज़ार सोलन में किया गया।
सचिव ने कहा कि अभियान के दौरान 03 बच्चों का रेस्क्यू किया गया। इनमें से 01 बच्चे को शिमला व 02 बच्चों को शेल्टर होम कथेड़ भेजा गया ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
उन्होंने कहा कि यह अभियान ज़िला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, चाइल्ड लाईन, चाइल्ड वेल्फेयर समिति, पुलिस विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
अकांक्षा डोगरा ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान कार्यान्वित किए जाएंगे ताकि ऐसे बच्चों को उचित शिक्षा का अधिकार मिल सके तथा उनका भविष्य उज्जवल बन सके।

==============================

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित होंगे शिविर
धर्मशाला, 01 अप्रैल: मुख्य चिकित्सा अधिकारी, काँगड़ा डा विवेक करोल ने बताया कि टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ब्लाॅक ज्वालामुखी के घुमेर उमेर में 2 अप्रैल, ब्लाॅक नूरपुर के जच्छ कंडी में 3 अप्रैल, ब्लाॅक गोपालपुर के अपर दध तथा लोअर दध में 4 अप्रैल, ब्लाॅक महाकाल के ओरल, चैगान में 13 तथा 14 अप्रैल, ब्लाॅक महाकाल के सेहल कंजरार में 15 तथा 16 अप्रैल, ब्लाॅक नाग भगवान के पनोल, आईटीआई सरोत्री में 17 अप्रैल, ब्लाॅक टियारा के कछियारी, खोली में 18 तथा 19 अप्रैल, ब्लाॅक भवारना के बल्ला, आम खरूथ में 20 अप्रैल, ब्लाॅक शाहपुर के हरनेरा में 21 अप्रैल, ब्लाॅक शाहपुर के जुगेहर में 22 अप्रैल, ब्लाॅक नाग भगवान के मुनेहर, भेरी में 23 अप्रैल, ब्लाॅक गोपालपुर के आम मनिआर, ठंडोल में 24 अप्रैल, ब्लाॅक गौपालपुर के आम मझेरना, सगोर में 25 अप्रैल तथा 26 अप्रैल, ब्लाॅक नाग सुरियन के बग, कुथेड, थारू में 27 अप्रैल, ब्लाॅक थुरल के बर, जयसिंहपुर में 28 अप्रैल, ब्लाॅक थुरल के दुहक, धनियारा में 29 अप्रैल, ब्लाॅक नाग सुरियन के अमलेला खास, अमलेला वन में 30 अप्रैल को होने जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य एआई एक्स-रे मशीन के साथ स्क्रीनिंग करना है। जिसमें बीपी शुगर एचबी चेकअप और चेस्ट एक्स-रे की सुविधा प्रदान की जाएगी।

============================================

लंबित बिजली के बिलों का शीघ्र करें भुगतान: सहायक अभियंता टी. आर. ठाकुर

चम्बा, 1अप्रैल - विद्युत उप मंडल-1 चंबा के सहायक अभियंता टी. आर. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा गैर-व्यावसायिक एवं गैर-घरेलू श्रेणी के सभी सरकारी उपभोक्ताओं के बिजली मीटरों को चरणबद्ध तरीके से प्रीपेड में परिवर्तित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान यह पाया गया है कि कई सरकारी उपभोक्ताओं पर विद्युत बिलों की बकाया राशि लंबित है। विद्युत अधिनियम तथा बोर्ड के प्रावधानों के अनुसार सभी उपभोक्ताओं के लिए समय पर बकाया राशि का भुगतान करना अनिवार्य है, ताकि विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रह सके।
श्री ठाकुर ने जानकारी दी कि जिन उपभोक्ताओं के मीटरों को प्रीपेड मोड में परिवर्तित किया जा चुका है और जिनकी बकाया राशि अभी तक जमा नहीं हुई है, उनके विद्युत कनेक्शन को दूरस्थ प्रणाली के माध्यम से अस्थायी रूप से विच्छेदित किया जा सकता है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि मीटर परिवर्तन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिक जानकारी के लिए संबंधित विद्युत कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तो विद्युत आपूर्ति बाधित की जा सकती है। हालांकि, आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल, पेयजल योजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के मामलों में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी।