उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त ने फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य कृषि योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

बिलासपुर, 04 अगस्त: उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आज बचत भवन में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा व्यापक कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी संबद्ध विभागों को योजना के अंतर्गत किसानों तक विभिन्न कृषि एवं संबद्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने, विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि, कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देना तथा कृषि ऋण, फसल बीमा, आधुनिक तकनीक, गुणवत्तायुक्त बीज, सिंचाई एवं अन्य कृषि सेवाओं तक किसानों की पहुंच सुनिश्चित करना है। इस योजना के अंतर्गत जिला बिलासपुर प्रदेश का एकमात्र चयनित जिला है, ऐसे में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सभी विभागों से पूरी सक्रियता एवं समन्वय के साथ कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राहुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत चालू वर्ष में प्राप्त सभी 45 नए मामलों को स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। इसी तरह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 3 हजार किसानों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही बताया कि गत वर्ष जिला बिलासपुर में लगभग 11 हजार किसानों को 7 करोड़ 68 लाख रूपये की बीमा राशि का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य जोखिमों से फसलों की सुरक्षा के लिए समय पर फसल बीमा अवश्य करवाएं।
बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में लगभग 55 हजार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत लगभग 690 करोड़ रूपये के कृषि ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंकों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए समन्वयता से कार्य करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मिशन पल्सेस कार्यक्रम के तहत जिला में अब तक लगभग 10.8 क्विंटल गुणवत्तायुक्त दलहन बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं। उन्होने दलहन उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि के लिए योजनाओं का व्यापक स्तर पर लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने पर बल दिया।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रत्येक लक्ष्य को गंभीरता से पूरा करने और किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को भी कहा ताकि योजना के लक्ष्य एवं उद्देश्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, उप निदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के जिला नोडल अधिकारी देवेंद्र सांख्यान, जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

=========================================

तकनीकी शिक्षा मंत्री 5 से 7 अगस्त तक जिला प्रवास पर
बिलासपुर, 04 अगस्त: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी 5 से 7 अगस्त तक जिला प्रवास पर रहेंगे।
यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री 05 अगस्त को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री 6 अगस्त को प्रातः 10 बजे एचआरटीसी बस स्टैंड बिलासपुर से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के पश्चात् प्रातः 11 बजे बचत भवन बिलासपुर में जिला स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके उपरांत दोपहर बाद 3 बजे जिला योजना विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे।
उन्होंने बताया कि तकनीकी शिक्षा मंत्री 7 अगस्त को प्रातः 10 बजे राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे।