डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने किया डॉ. अनीता शर्मा की पुस्तक का विमोचन
‘विष्णु प्रभाकर के नाटकों में पारिवारिक सम्बन्ध’ में बदलते पारिवारिक रिश्तों का शोधपरक विश्लेषण
बिलासपुर, 10 अगस्त: पूर्व जिला भाषा अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा की पुस्तक ‘विष्णु प्रभाकर के नाटकों में पारिवारिक सम्बन्ध’ का विमोचन आज बचत भवन में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने लेखिका को पुस्तक के प्रकाशन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पुस्तक केवल साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि विष्णु प्रभाकर के नाटकों के माध्यम से पारिवारिक संबंधों और बदलते सामाजिक मूल्यों को समझने वाला महत्वपूर्ण शोध कार्य है।
राहुल कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में पारिवारिक रिश्तों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में साहित्य हमें अपने रिश्तों, जिम्मेदारियों और मानवीय संवेदनाओं को समझने का अवसर देता है। डॉ. अनीता शर्मा ने अपनी पुस्तक में विष्णु प्रभाकर के नाटकों के पात्रों और उनके पारिवारिक संबंधों के माध्यम से इन बदलावों का गहराई से विश्लेषण किया है।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों और युवाओं में पढ़ने की आदत विकसित करना आज समय की आवश्यकता है। अच्छी पुस्तकों का अध्ययन न केवल ज्ञान बढ़ाता है, बल्कि सोचने-समझने की क्षमता, संवेदनशीलता और दृष्टिकोण को भी समृद्ध करता है। उन्होंने डॉ. अनीता शर्मा को इस शोध कार्य के लिए बधाई दी और साहित्य के माध्यम से समाज में सकारात्मक चिंतन को बढ़ावा देने के उनके प्रयास की सराहना की।
डॉ. अनीता शर्मा ने बताया कि विष्णु प्रभाकर के नाटकों में परिवार केवल साथ रहने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि आपसी समझ, सीखने, संवेदनाओं और जीवन-मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। पुस्तक में इन पहलुओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा गया है, जो आज की पीढ़ी को पारिवारिक रिश्तों के महत्व पर विचार करने के लिए प्रेरित करती है।
इस अवसर पर डॉ. लेखराम शर्मा, जीतराम सुमन, कुलदीप चंदेल, कर्ण चंदेल, संदेश शर्मा, मधुरिमा कश्यप, रितेश गुप्ता और नीलम चंदेल उपस्थित रहे।