हिसार, 04.09.26-- श्री प्रयाग गिरी शिवालय मंदिर ट्रस्ट द्वारा जन्माष्टमी का पावन उत्सव ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग के नेतृत्व में भव्य एवं श्रद्धापूर्ण ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों, सजावटी बोर्डों एवं रंग-बिरंगी सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।जन्माष्टमी उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण सहित अनेकों देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। सुंदर एवं जीवंत झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के गेम, स्टॉल एवं अन्य आकर्षण भी लगाए गए, जिनका बच्चों ने खूब आनंद लिया।पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और जन्माष्टमी के पावन पर्व की खुशियां मनाईं। मंदिर की भव्य सजावट, आकर्षक झांकियों और धार्मिक कार्यक्रमों के चलते देर रात तक हज़ारों श्रद्धालुओं का मंदिर में पहुंचना जारी रहा।ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग ने कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का पर्व होने के साथ-साथ हमें धर्म, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना भी है।बजरंग गर्ग ने कहा कि सनातन धर्म और पुराणों के अनुसार भगवानश्री कृष्ण के अनेको रूप थे। भगवान श्री कृष्ण स्वयं भगवान विष्णु जी के आठवे अवतार माने जाते हैं। भगवान श्री कृष्ण के अपने स्वयं के रूप में या उनके द्वारा लिए गए अन्य विस्तार-अवतारों की संख्या अनगिनत है लेकिन मुख्य रूप से विष्णु जी के दस अवतारों में उनका आठवाँ स्थान है।

इस अवसर पर हिसार कमिश्नर श्रीमती गीता भारती, हिसार विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, हिसार सांसद चौधरी जयप्रकाश , नलवा विधायक रणधीर पनिहार, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश, उकलाना विधायक नरेश शेरवाल, नारनौल विधायक जस्सी पेटवाड़, हिसार मेयर प्रवीण पोपली विशेष रूप से मौजूद रहे।