हमीरपुर 21 सितंबर। स्कूल शिक्षा विभाग और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) के संयुक्त तत्वावधान में शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर में उपमंडल स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन सोमवार को आयोजित किया गया। इसमें हमीरपुर उपमंडल के विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के लगभग 632 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने इस बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों और साइंस अध्यापकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए बहुत ही अच्छे अवसर प्रदान करते हैं। इन्हीं में से कई बच्चे भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर और अन्य प्रोफेशनल्स बनकर देश के लिए बहुत बड़ा योगदान देंगे।
उन्होंने बच्चों से जीवन में एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित करने और फिर उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करने की अपील की। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि संस्कार, ज्ञान और परिश्रम के समावेश से ही जीवन में बड़ी सफलता मिलती है। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों के साथ सीधा संवाद किया तथा इन नन्हें वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए कई महत्वपूर्ण मॉडलों का अवलोकन भी किया।
इससे पहले, स्कूल परिसर में पहुंचने पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर भारती, प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, जिला विज्ञान समन्वयक राजेश गौतम और अन्य अधिकारियों ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा बाल विज्ञान सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, डॉ. आरसी डोगरा, शहनशाह, महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री राकेश रानी और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।