अब 25 तक बंद रहेगी मैड़-भगेटू सड़क
हमीरपुर 21 सितंबर। उपमंडल हमीरपुर के अंतर्गत मैड़-भगेटू सड़क के कुछ हिस्सों पर नालियों के निर्माण कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात अब 25 सितंबर तक बंद किया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि पहले यह सड़क 15 सितंबर तक बंद की गई थी, लेकिन नालियांे का कुछ कार्य शेष रहने के कारण अब इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 25 सितंबर तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक ट्याले दा घट-झिनकरी-लोअर मैड़ सड़क या मैड़-पांडवीं-टाउन भराड़ी सड़क से आवाजाही कर सकते हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।
======================================
भर्ती रैली के लिए साथ लाने होंगे सभी आवश्यक दस्तावेजहमीरपुर 21 सितंबर। थल सेना की अग्निवीर भर्ती की संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड वेबसाइट ज्वाइनइंडियनआर्मी.एनआईसी.इन joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिए गए हैं तथा इन उम्मीदवारों को ईमेल के माध्यम से भी सूचित कर दिया गया है। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि इन अभ्यर्थियों का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल परीक्षण और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक हमीरपुर के निकट अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में होने वाली भर्ती रैली के दौरान पूर्ण की जाएगी। कर्नल श्रीधर राजन ने इन अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड का अच्छी क्वालिटी का रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि भर्ती रैली में बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से एंट्री में कोई दिक्कत न आए। अभ्यर्थी वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का बारीकी से अध्ययन करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और दो-दो सेल्फ अटैस्टड प्रतियां साथ लाएं। इन दस्तावेजों में एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी प्रमाण पत्रों की तीन-तीन कॉपियां, अगर ओपन स्कूल से मैट्रिक की है तो अंतिम स्कूल के छोड़ने का प्रमाण पत्र जोकि सक्षम अधिकारी द्वारा काउंटर साइन किया हो, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म का प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत सैनिक या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र का प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, अधिसूचना में दिए गए फॉरमेट पर ऐफिडेविट, क्लर्क या एसकेटी के लिए ओ-लेवल सर्टिफिकेट, एनसीसी और खेल गतिविधियों के प्रमाण पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड, अन्य दस्तावेज और 20 पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। अधिक जानकारी के लिए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क किया जा सकता है।
==============================================
समाज शास्त्र शिक्षक भर्ती के परिणाम में आंशिक संशोधन
हमीरपुर 21 सितंबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) द्वारा 2 सितंबर को घोषित समाज शास्त्र के शिक्षकों की भर्ती पोस्ट कोड-26029 के फाइनल परिणाम में आंशिक संशोधन किया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि ओबीसी अनारक्षित और ओबीसी बीपीएल के 2 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी रद्द होने के कारण फाइनल परिणाम में आंशिक संशोधन करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक पद खाली रह गया है।
सचिव ने बताया कि संशोधित परिणाम सभी सफल 107 उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।