हिसार, 22.09.26- - अग्रोहा धाम एवं प्रयाग गिरी शिवालय मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्री गणेश उत्सव के उपलक्ष्य में भव्य भजन समारोह का आयोजन संस्था के प्रधान बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। समारोह में भारी संख्या में धर्मप्रेमियों ने भाग लिया। इस दौरान पूरा मंदिर प्रांगण “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से गूंज उठा।
संस्था के प्रधान बजरंग गर्ग ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्री गणेश का उत्सव हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना करने से मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा समाज में भाईचारे, प्रेम और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, सामाजिक व धार्मिक कार्यों के माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जुड़ती है। सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों से मन को शांति मिलने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकता को भी बढ़ावा मिलता है। मंदिर में विभिन्न देवी-देवताओं के त्योहारों पर समय-समय पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
बजरंग गर्ग ने बताया कि भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन 25 सितंबर को किया जाएगा। भजन समारोह में कलाकारों ने भगवान श्री गणेश की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर काफी देर तक झूमते रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के प्रधान विनोद गुप्ता, पूर्व प्रधान सज्जन गुप्ता, अनाज मंडी प्रधान मांगे राम रालवासिया, प्रबंधक ओमप्रकाश असीजा, अग्रोहा धाम निर्माण समिति के संयोजक ऋषि गर्ग, बुधला संत मंदिर प्रधान राज कुमार सेतिया, सचिव टीनू आहूजा, युवा प्रधान भारत सोनी, समाजसेवी प्रमोद जैन, जगत नारायण, उपप्रधान चंद्रभान सोनी, बजरंग असरावा, साधुराम बंसल, रमेश पटवारी, मुकेश गेरा, रेणु पाहुजा, अनिता गर्ग सहित भारी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।