चंडीगढ़, 23 सितंबर 2026:स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के तहत नगर निगम चंडीगढ़ ने श्री अरविंदो सोसाइटी की पहल ‘चंडीगढ़ आर्ट अलाइव’ के सहयोग से चंडीगढ़ की आवाज़स्वच्छता कव्वाली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता में नागरिक भागीदारी को बढ़ावा देना और वार्ड पार्षदों व अन्य सामाजिक हितधारकों को एक साझा मंच पर लाना था।

कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़ के मेयर श्री सौरभ जोशी और नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, आईएएस ने ‘Many Open Hands’ नामक नागरिक स्वयंसेवी कम्युनिटी का शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य स्वच्छता पखवाड़े के बाद भी नागरिक भागीदारी और स्वच्छता से जुड़े प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाना है।

मेयर श्री सौरभ जोशी ने कहा, “राजनीतिक नेतृत्व दिशा दे सकता है और प्रशासन मजबूत व्यवस्थाएं बना सकता है, लेकिन कोई शहर तभी वास्तव में सफल बनता है, जब वहां के लोग महसूस करें कि यह शहर मेरा अपना घर है।”

नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, आईएएस ने कहा, “हमें खुशी है कि हम श्री अरविंदो सोसाइटी के साथ मिलकर इस पहल की शुरुआत कर रहे हैं और उन नागरिकों के लिए एक व्यवस्थित मंच बना रहे हैं, जो अपने शहर के लिए कुछ करना चाहते हैं।”

यह आयोजन चंडीगढ़ में नागरिक स्वामित्व और भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित गतिविधियों की एक श्रृंखला की शुरुआत है। यह पहल विकसित भारत 2047 के विज़न और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-11 (SDG 11) के अनुरूप है। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न वार्डों के पार्षदों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

चंडीगढ़ आर्ट अलाइव की लीड दिव्या करवल ने कहा, “जब हम कहते हैं कि हम चंडीगढ़ में रहते, तो उसका अर्थ क्या है? किसी शहर से अपनापन महसूस करने के लिए, हमें ज़रूरत है ऐसे लोगों की जो इस साझा घर की देखभाल करना चाहते हैं। हमें खुशी है कि हमारे नागरिक संस्थान भागीदारी की इस संस्कृति को मजबूत करने की जरूरत को समझते हैं।”

कार्यक्रम में स्वच्छता पर आधारित कव्वाली, सहभागिता से जुड़ी गतिविधियां और सचेत नागरिकता पर संवाद भी हुआ। कई वार्ड पार्षद ‘Many Open Hands’ नागरिक स्वयंसेवी कम्युनिटी से जुड़ने वाले शुरुआती सदस्यों में शामिल रहे।