चण्डीगढ़ 08.06.24-: विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप), पंजाब प्रान्त अपने अग्रणी संगठन दुर्गावाहिनी के जरिए हिन्दू युवतियों को संगठित कर उनमें संस्कार निर्माण करने, आत्मरक्षा एवं राष्ट्ररक्षा के साथ हिन्दू जागरण के कार्य में संलग्न है तथा सेवा, सुरक्षा संस्कार का उद्देश्य लेकर भारत माता को फिर से अपने प्राचीन गौरवमय विश्वगुरू के स्थान पर स्थापित करना ही इसका परम् लक्ष्य है। विहिप के विभाग मंत्री प्रदीप शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इसी लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी 09 जून से 16 जून तक दुर्गावाहिनी के प्रांतस्तरीय सात दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया जा रहा है जिसमें युवतियों को शारीरिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्ग में भाग लेने हेतु आयु सीमा 15 से 35 वर्ष तक है व गणवेश में सफेद सलवार कुर्ता, केसरिया डुपट्टा एवं स्पोर्ट वाले जूते शामिल हैं। आयोजन स्थल शारदा सर्वहितकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर 40-डी में रखा गया है। सुभाष (प्रान्त अध्यक्ष, विहिप ) सुनील (प्रान्त मंत्री, विहिप) व प्रीति (दुर्गा वाहिनी), रूचि (प्रान्त संयोजिका, मातृ शक्ति) व कंचन (प्रान्त बालसंस्कार प्रमुख) के साथ-साथ अलका शर्मा की देखरेख में ये शिविर चलेगा।