चंबा (पांगी), 25 जुलाई 2026
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कढ़ू नाला दुर्घटना स्थल का किया निरीक्षण
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज जनजातीय क्षेत्र पांगी के दौरे के दौरान संसारी–किलाड़–थिरोट–तांदी सड़क मार्ग पर कढ़ू नाला के समीप पहुंचकर 24 जुलाई 2026 को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किया।
24 जुलाई 2026 को कुल्लू से पांगी के लिए रवाना हुआ वाहन संख्या HP-01M-2210 कढ़ू नाला के समीप पहाड़ी से गिरी चट्टानों की चपेट में आ गया था।
उपायुक्त चंबा ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से हादसे के कारणों तथा सड़क की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस सड़क मार्ग पर सुरक्षित आवाजाही के संबंध में उचित दिशा-निर्देश भी जारी किए।
उपायुक्त ने दुर्घटना के प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए भेजी गई प्रशासनिक टीम तथा किए गए राहत कार्य की भी समीक्षा की। इस मौके पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने उपायुक्त को बताया कि सभी 10 प्रभावित परिवारों के पास तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारियों की टीम ने घर जाकर उन्हें राहत राशि प्रदान की है। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है।
इसके उपरांत उपायुक्त ने हाइड्रो पावर हाउस साच का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह, बीआरओ मेजर पारस कोचर, आरसीसी-94, खंड विकास अधिकारी आस्था पंवार, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग सुनील चंदेल तथा सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग भाग सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।