चंडीगढ़/मोहाली 22 अगस्त 2026: मानव कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में संत निरंकारी मिशन द्वारा निरंतर किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों को पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित म्युनिसिपल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय एन.जी.ओ. सम्मेलन के दौरान मिशन की पंजाब की विभिन्न शाखाओं को उनके उल्लेखनीय समाजसेवी कार्यों के लिए शील्ड एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने की।

संत निरंकारी मिशन की ओर से लंबे समय से आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियानों, वृक्षारोपण एवं अन्य मानव कल्याणकारी सेवाओं की विशेष सराहना की गई। मानव जीवन की रक्षा और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे इन सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

इस अवसर पर पंजाब भर से आये हुए अनेकों ब्रांचों के संयोजक मुखिओं अथवा ब्रांच के सेवादारों ने मिशन की ओर से सम्मान प्राप्त किया।
चंडीगढ़ जोन के जोनल इन्चार्ज श्री ओ.पी. निरंकारी जी ने जानकारी देते हुए कहा कि यह सम्मान समय के सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के आशीर्वाद तथा संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के मार्गदर्शन में पंजाब तथा पैन इंडिया में संत निरंकारी मिशन की सभी ब्रांचों द्वारा निरंतर किए जा रहे मानव कल्याण को समर्पित विभिन्न सेवा गतिविधियां जिनमें रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा जरूरतमंदों की सहायता सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्य शामिल हैं का परिणाम है जोकि पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया। संत निरंकारी मिशन के लिए मानव सेवा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जीवन का अभिन्न अंग है। मिशन का संदेश ही यही है कि मानव मात्र की सेवा एवं भलाई के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि युगदृष्टा सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का अमर संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” आज भी श्रद्धालुओं को रक्तदान जैसे महान मानवतावादी कार्यों के लिए प्रेरित करता है। इसी भावना के तहत संत निरंकारी मिशन द्वारा समय-समय पर देश-विदेश में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है।

जहां मिशन द्वारा पंजाब सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया गया वही ये भी स्मरण किया गया कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि संत निरंकारी मिशन से जुड़े उन सभी स्वयंसेवकों की सामूहिक सेवा भावना का सम्मान है, जो बिना किसी स्वार्थ, भेदभाव अथवा अपेक्षा के मानवता की सेवा में निरंतर योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर पंजाब तथा चंडीगढ़ के विभिन्न ब्लड बैंकों के विशेषज्ञों ने उपस्थित अनेकों प्रतिभागियों को रक्तदान प्रति जागरूकता एवं अनेक पहलुओं पर प्रकाश डाला ।