राष्ट्रपति के प्रस्तावित बिलासपुर दौरे की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
सभी विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत समयबद्ध तैयारियां पूर्ण करने के दिये निर्देश

बिलासपुर, 01 अक्तूबर: आगामी 6 अक्तूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जिला बिलासपुर के प्रस्तावित एक दिवसीय दौरे को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान, अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति का दौरा हम सभी जिला वासियों के लिए गौरवपूर्ण है। इस दौरान राष्ट्रपति जहां मां नैना देवी जी के दर्शन करेंगी तो वहीं एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के दौरान व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने एम्स प्रशासन, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय, बेहतर तालमेल और टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने निर्धारित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए उन्हें तय समयसीमा में पूरा करना सुनिश्चित बनाए।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को राष्ट्रपति के प्रस्तावित आवागमन मार्गों पर सड़कों की उचित मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विद्युत एवं वन विभाग को टोबा से श्री नैना देवी जी तक संपर्क मार्ग पर पेड़ों, बिजली की तारों अथवा अन्य किसी भी प्रकार के अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। वहीं, जल शक्ति विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने को भी कहा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य सभी संबंधित विभागों को अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि सभी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में एसडीएम झंडूता, एसडीएम सदर तथा श्री नैना देवी जी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।