बिलासपुर, 1 अक्तूबर: राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य पर जिला प्रशासन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण बिलासपुर तथा रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा बिलासपुर के संयुक्त समन्वय से विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने स्वयं रक्तदान कर किया। उपायुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान करते हुए इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है और यह मानवता की सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमारे द्वारा दान की गई रक्त की एक यूनिट किसी गंभीर रूप से बीमार मरीज, घायल व्यक्ति अथवा आपात स्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान को लेकर किसी भी प्रकार के संकोच को दूर करते हुए नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्वैच्छिक रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की सहायता करता है, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।