बिलासपुर, 1 अक्तूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पूर्व स्वच्छता को जनभागीदारी से जन-अभियान बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसाइटी, तत्वावधान में शहर सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के 15 प्रमुख स्थानों पर एक दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में लगभग 650 स्वयंसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

अभियान के तहत नगर परिषद बिलासपुर के सभी 11 वार्डों सहित निकटवर्ती ग्राम पंचायत ओयल, नौनी, रघुनाथपुरा और बामटा में चिन्हित स्थानों पर व्यापक साफ-सफाई की गई। पार्कों, शिक्षण संस्थानों के आसपास के क्षेत्रों, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों से प्लास्टिक एवं अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका विधिवत निस्तारण किया गया। अभियान के माध्यम से आमजन को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला माना था। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना, कूड़े का उचित निस्तारण, सिंगल-यूज प्लास्टिक का त्याग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी सामूहिक दायित्व है। उन्होंने आम नागरिकों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा न फैलाने तथा सूखे एवं गीले कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में रोटरी क्लब बिलासपुर, ज्ञान-विज्ञान समिति बिलासपुर, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), यूथ रेड क्रॉस और एनसीसी सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
उपायुक्त राहुल कुमार ने अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी पर्यवेक्षी अधिकारियों, वार्ड पार्षदों/कमांडर, स्वयंसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि व्यापक जनभागीदारी से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बिलासपुर के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
अभियान में विशेष रूप से नरेश देवी, जमना देवी, संजना शर्मा, पूजा, नरेंद्र पंडित, मीना कुमारी, बंदना, अनिल कुमार, अजय चंदेल, मनोज कुमार, मुकेश भाटिया, कौशल्या देवी, चंपा देवी, रणजीत, राजकुमार, नरेश चंदेल, ओंकार चंद, कमल कान्त, पी.एस. कटवाल, नरेंद्र कुमार, मनोज कुमार, भास्कर कालिया, सुरेश नड्डा, सुशील पुंडीर, सुमन कुमारी, आकाश, भूपेश, सुनीता, रुचि, प्रोमिला बसु, मनसा राम, डॉ. जय चंद सहित लगभग 650 स्वयंसेवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवियों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से चलाए जाने वाले ऐसे अभियान स्वच्छता को व्यवहार और संस्कार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के संदेश को प्रत्येक घर और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर जारी रखना आवश्यक है।