बिलासपुर, 01 अक्तूबर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से जिला स्तरीय सीर उत्सव घुमारवीं में पहली बार रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला सीर उत्सव के दौरान युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 3 अक्तूबर प्रातः 10 बजे से घुमारवीं स्थित एमफॉरयू होटल परिसर में आयोजित हो रहा है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों की 15 नामी कंपनियों में लगभग 15 सौ पदों पर युवाओं को रोजगार पाने का अवसर प्राप्त होगा।
इस बारे जानकारी देते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से घुमारवीं में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न निजी कंपनियों एवं संस्थानों में रोजगार के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशंस लिमिटेड नालागढ़ में 80, एसआईएस इंडिया लिमिटेड हमीरपुर में 70, वर्धमान टेक्सटाइल की इकाई ऑरो टेक्सटाइल्स में 100 पद, बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड में 400, इंडिया फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड मुम्बई में 18, एलेना ऑटो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड मोहाली में 200 पद, श्रीराम फाइनेंस घुमारवीं में 6 तथा ज्यूपिटर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में 145 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसी प्रकार, शिवम इंस्टीट्यूट फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग घुमारवीं में 5, शिवम ट्रेडर्स में 15, रिलायंस जियो इन्फोकॉम प्राइवेट लिमिटेड में 25, एलआईसी ऑफ इंडिया में 300, ल्यूमिनस पावर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में 15, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में 4, मेराक्वी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में 50 पद तथा अंबर इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड में 25 पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, डिप्लोमा, स्नातक, प्रबंधन में स्नातकोत्तर, प्रौद्योगिकी में स्नातक, कंप्यूटर अनुप्रयोग में स्नातकोत्तर तथा कंप्यूटर अनुप्रयोग में स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यताओं वाले युवाओं के लिए रोजगार पाने के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से आह्वान किया कि वह अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित यह रोजगार मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा स्थानीय स्तर पर निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा प्रदेश सरकार का एक अहम प्रयास है।