जुंडला, 24.04.24- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने आज कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल भारतीय संस्कृति, महापुरुषों और परंपराओं के विरोधी हैं। उनकी इस सोच के कारण आज वे देश भक्त भारतीयों को फूटी आँख भी नहीं सुहाते हैं। डॉ.चौहान असंध विधानसभा क्षेत्र के पिचौलिया में आयोजित शक्ति केंद्र स्तरीय पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. चौहान ने कहा कि हरियाणा में विपक्ष इतनी बुरी हालत में है कि कांग्रेस पार्टी को भी अपने प्रत्याशी तय करने में पसीने छूट रहे हैं। कांग्रेस के बड़े बड़े नेता चुनाव लड़ने से बचना चाहते हैं और सामने खड़ी सुनिश्चित हार का टीका अपने माथे पर लगवाने के लिए तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और करनाल से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मनोहर लाल खट्टर की जीत को ऐतिहासिक जीत बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के पन्ना प्रमुख स्तर तक के कार्यकर्ता अपने अपने मोर्चे को संभाल चुके हैं।
डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि माहौल भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में इस क़दर बना है कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ता भी दबे स्वर में भारतीय जनता पार्टी के जीतने की बात सार्वजनिक रूप से स्वीकारने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और मनोहर लाल जी के साथ इसलिए मज़बूती के साथ खड़ा होना है क्योंकि उन्होंने अपने साढ़े नौ साल के कार्यकाल में सवा लाख से अधिक हरियाणवी नौजवान नवयुवतियों को मेरिट के आधार पर नौकरी देने की पारदर्शी व्यवस्था तैयार की।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब हरियाणा में सरकारी नौकरियां जिला,जाति अथवा नोटों से भरे झोलों के दम पर नहीं मिलती। नौकरी उन्हें मिलती है जो मेहनत करते हैं और जो मेधावी है।
करनाल ज़िले के सभी गाँव सहित हरियाणा के क़रीब छह हज़ार गांवों में जगमग योजना के तहत 24 घंटे बिजली पहुँचाने की व्यवस्था करने वाले मनोहर लाल खट्टर ने गाँव और शहर के भेदभाव को ख़त्म कर हरियाणा की राजनीति में नई क्रांति का सूत्रपात किया।
आयुष्मान भारत और चिरायु योजना का ज़िक्र करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि अब अधिकांश हरियाणवी पाँच लाख रुपए तक की वार्षिक स्वास्थ्य सुरक्षा के हक़दार हो गए हैं। ऐसा कोई भी घर नहीं जहाँ रसोई में उज्जवला योजना के तहत गैस का चूल्हा और सिलेंडर पहुँचाने की व्यवस्था न की गई हो।
उन्होंने पिचौलिया और जानी गाँव के कार्यकर्ताओं से गांवों की लंबित समस्याएं विस्तार से सुनी और कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद उनकी सभी समस्याओं का निदान करने के लिए वे अपनी पूरी ताक़त झोंक देंगे।
इस अवसर पर जिला आईटी सेल सह प्रमुख सुरेंद्र जानी, मंडल महामंत्री सुशील शर्मा पिचौलिया, मंडल उपाध्यक्ष ईश्वर शर्मा, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा पवन कान्यान, मंडल सोशल मीडिया प्रमुख बाबू राम जानी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार जानी, कौर सिंह, मंडल महामंत्री एससी मोर्चा जीत सिंह पिचौलिया, दीपक जानी व अन्य सम्मानित पन्ना प्रमुख साथी उपस्थित रहे।