जेजेपी नेताओं ने पुण्यतिथि पर चौधरी देवीलाल को किया नमन

जननायक चौ देवीलाल राजनीतिक संघर्ष व सामाजिक समरसता की एक संस्था थे - अजय चौटाला

चंडीगढ़, 6 अप्रैल। जननायक चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि पर जेजेपी नेताओं ने दिल्ली स्थित संघर्ष स्थल और सभी जिला मुख्यालयों पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और याद किया। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला और कई वरिष्ठ नेताओं ने रविवार सुबह दिल्ली समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए। डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल राजनीतिक संघर्ष और सामाजिक समरसता की एक संस्था थे और उन जैसे ऊंची सोच के नेता विरले ही पैदा होते हैं। उन्होंने कहा कि देश में किसान-कमेरों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए चौधरी देवीलाल जीवनभर प्रयासरत रहे और आज भी बहुत से जनकल्याण कार्य उन्हीं की सोच के अनुसार हो रहे हैं।

देश के भूतपूर्व उपप्रधानमंत्री एवं गरीब किसान, कमेरे वर्ग के मसीहा जननायक स्व. चौधरी देवीलाल की पुण्यतिथि पर हरियाणा के विभिन्न शहरों में भी उनकी प्रतिमाओं पर लोग इकट्ठा हुए और जननायक को श्रद्धांजलि दी। जगह-जगह जेजेपी कार्यकर्ताओं ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमा की सफाई की और पुष्प अर्पित किए। दिल्ली स्थित संघर्ष स्थल पर एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, बृज शर्मा, पूर्व विधायक राजदीप फोगाट एवं अमरजीत ढांडा, संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, दिल्ली के पूर्व मंत्री योगानंद शास्त्री, युवा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला, धर्मदेव सोलंकी, देवेंद्र कादियान, राज सिंह दहिया, दिनेश डागर, ऋषिराज राणा, रविंद्र सांगवान, अभिमन्यु राव समेत कई नेता शामिल हुए। सभी ने चौधरी देवीलाल की समाधि पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।

पंचकुला में ताऊ देवीलाल स्टेडियम में जेजेपी के स्थानीय नेताओं ने पहुंचकर ताऊ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। साथ ही यमुनानगर, हिसार, जींद, सोनीपत, पलवल, सिरसा समेत सभी जिला मुख्यालयों पर जेजेपी कार्यकर्ताओं ने चौधरी देवीलाल की प्रतिमाओं पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

========================================

हर वर्ग के कल्याण के लिए चौधरी देवीलाल से मिलती है प्रेरणा - दिग्विजय चौटाला

चौ देवीलाल की सोच पर आगे बढ़ रही जेजेपी - दिग्विजय चौटाला

चंडीगढ़, 6 अप्रैल। जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने चौधरी देवीलाल द्वारा हरियाणा और देश में किसान, गरीब, मजदूर, बुजुर्ग, व्यापारी सहित तमाम वर्गों के लिए किए गए कार्यों को याद किया और कहा कि उनके द्वारा करवाए गए कार्यों से आज भी तमाम वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं। दिग्विजय ने कहा कि जेजेपी भी उनके सिद्धांतों पर चलते हुए हरियाणा के विकास व प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल के जीवन से सभी को प्रेरणा मिलती है कि आज गरीब, किसान, कमेरे वर्ग को और आगे कैसे लेकर जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जेजेपी की सरकार में हिस्सेदारी मिलने पर चौधरी देवीलाल की सोच पर चलते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए थे।

दिग्विजय चौटाला ने चौधरी देवीलाल के देश का उपप्रधानमंत्री रहते हुए और हरियाणा सरकार के मुखिया रहते हुए महिलाओं और युवाओं के लिए शुरू किए गए कार्यों को भी याद किया और कहा कि उन्हीं की प्रेरणा से जेजेपी प्रदेश में रोजगार के अवसर पैदा करने, महिलाओं को सुरक्षित और सक्षम बनाने पर काम कर रही है।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी ने युवाओं के रोजगार के लिए 75 प्रतिशत रोजगार कानून, महिलाओं के लिए पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण, बीसीए को आठ प्रतिशत आरक्षण, गांवों में चौपालों का सुधार, ई लाइब्रेरी, किसानों की फसलों की तुरंत खरीद, भुगतान, समय पर मुआवजा देने जैसी अनेक व्यवस्थाओं का लाभ हमारे प्रदेशवासियों को दिलाने का किया था। हजारों युवाओं ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से चौधरी देवीलाल को याद किया और उन्हें नमन किया।