शिमला:14.02.25- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां लोकसभा सचिवालय की लोकतंत्रों के लिए संसदीय अनुसंधान और प्रशिक्षण कार्यक्रम संस्थान (प्राईड) द्वारा हरियाणा विधान सभा में विधायकों के लिए आयोजित होने वाले दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं अभिविन्यास कार्यक्रम के समापन समारोह को सम्बोधित करेंगे। गौरतलब है कि लोकसभा सचिवालय का संसदीय अनुसंधान और प्रशिक्षण संस्थान (PRIDE) 14 व 15 फरवरी, 2025 को हरियाणा विधान सभा सदस्यों के लिए चण्डीगढ़ स्थित हरियाणा विधान सभा सचिवालय में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस अभिविन्यास कार्यक्रम का शुभारम्भ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 14 फरवरी को आज दोपहर 12:00 बजे कर चुके हैं। शुभारम्भ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर 14 फरवरी को दोपहर बाद आयोजित हुए सत्र को उत्तर प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना तथा लोकसभा सदस्य डॉ0 रवि शंकर प्रसाद ने भी सम्बोधित किया।

हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 15 फरवरी, 2025 को अपराह्न 2:00 बजे समापन सत्र को सम्बोधित करेंगे तथा हरियाणा विधान सभा सदस्यों के साथ अपना अनुभव सांझा करेंगे। पठानियां विधायकों की जिम्मेदारियों, सदन में उनके व्यवहार, सदन के समय का सदुपयोग तथा लोकतान्त्रिक व्यवस्था पर भी प्रकाश डालेंगे। कुलदीप सिंह पठानियां राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन-II के संयोजक भी हैं जिसमें हिमाचल प्रदेश के अतिरिक्त पँजाब, हरियाणा, दिल्ली तथा जम्मू- कश्मीर राज्य शामिल हैं।

इस अवसर पर संचार एवं सूचना प्रोद्योगिकी समिति के अध्यक्ष डॉ0 निशिकान्त दुबे, लोकसभा सचिवालय के पूर्व संयुक्त सचिव रविन्द्र गरिमेला तथा संसदीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव डॉ0 सत्य प्रकाश भी विधायकों को सम्बोधित कर राष्ट्रीय ई- विधान (नेवा) तथा संसदीय विशेषाधिकार से अवगत करवाएँगे।

(हरदयाल भारद्वाज)

संयुक्त निदेशक एवं मुख्य प्रवक्ता,

हि0प्र0 विधान सभा।