शिमला: 18.02.25-हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि चौदहवीं विधान सभा का अष्टम सत्र 10 मार्च से 28 मार्च, 2025 तक शिमला विधान सभा में आयोजित किया जाएगा। पठानियां ने कहा कि इस सत्र में कुल 16 बैठकें आयोजित की जाएँगी। राज्यपाल महोदय की संस्तुती के उपरान्त विधान सभा सचिवालय द्वारा आज इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है। पठानियां ने कहा कि बजट सत्र 10 मार्च को अपराह्न 2:00 बजे माननीय राज्यपाल हि0प्र0 के अभिभाषण के साथ आरम्भ होगा।

पठानियां ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही माननीय सदस्य अब अपने- अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित सूचनाएँ ऑन लाईन तथा ऑफ लाईन विधान सभा सचिवालय को भेज सकते हैं। पठानियां ने कहा कि 11 मार्च को शोकोदगार होंगे जबकि 17 मार्च को मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2025-2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे सदन में प्रस्तुत करेंगे।

पठानियां ने कहा ‍कि 11 मार्च को राज्यपाल महोदय के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण एवं चर्चा आरम्भ होगी जो 12 व 13 मार्च को भी जारी रहेगी तथा 13 मार्च को ही चर्चा उपरान्त इसका पारण होगा। 14 मार्च को होली के उपलक्ष्य पर अवकाश रहेगा।

पठानियां ने कहा कि 18 से 20 मार्च तक बजट अनुमान वित्तीय वर्ष 2025-2026 पर सामान्य चर्चा की जाएगी तथा 21 मार्च को चर्चा का समापन होगा। पठानियां ने कहा कि 22 मार्च तथा 27 मार्च के दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं। पठानियां ने कहा कि 24 मार्च से 26 मार्च तक बजट अनुमान वित्तिय वर्ष 2025- 2026 की मांगो पर चर्चा एवं मतदान होगा। जबकि 26 मार्च 2025 को मांगो पर चर्चा एवं मतदान तथा विनियोग विधेयक पूर: स्थापना विचार- विमर्श एवं पारण किया जाएगा।

(हरदयाल भारद्वाज)

संयुक्त निदेशक एवं मुख्य प्रवक्ता,

हि0प्र0 विधान सभा।